गोसाईंगंज। क्षेत्र के आदमपुर नौबस्ता के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार शाम तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बिहार निवासी सुरेंद्र चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई। सुरेंद्र की पत्नी, बेटा, दो बेटियां, धीरज चौधरी और उनका बेटा सहित छह लोग घायल हुए। गंभीर रूप से घायल धीरज को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई।
इंस्पेक्टर गोसाईंगंज डीके सिंह के अनुसार, बिहार के सिवान जिले के बादडिया माधवपुर निवासी सुरेंद्र चौधरी (45) परिवार के साथ गुजरात के सूरत में रहते हैं। वह पत्नी तनुजा चाैधरी (35), बेटे निखिल (19), दो बेटियों मनीषा (22) व निकिता (20), रिश्तेदार धीरज (35) और उनका बेटा शिवशांत (10) के साथ एसयूवी से सूरत से अपने गांव बिहार जा रहे थे। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार एसयूवी अचानक अनियंत्रित हुई और डिवाइडर में जा घुसी। पुलिस का मानना है कि चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ।
वहीं, आलमबाग के कुरियाना मोहल्ले में अखिलेश (32) अपने फुफेरे भाई धर्मेंद्र के साथ उसके घर सोने के लिए बाइक पर जा रहे थे। बाइक का संतुलन बिगड़ने से अखिलेश सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उन्हें ट्रॉमा सेंटर में मृत घोषित कर दिया गया। अखिलेश प्राइवेट नौकरी करते थे। परिवार में तीन भाई हैं।