निगोहां। नगराम मोड़ कट के पास मंगलवार सुबह बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हादसे में एसयूवी सवार चार और बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। सभी को सीएचसी मोहनलालगंज में भर्ती कराया गया।
थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार के मुताबिक, सुबह करीब 6:30 बजे प्रयागराज से लखनऊ जा रही एसयूवी नगराम मोड़ कट पर पहुंची। इसी दौरान बाइक को बचाने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा और एसयूवी लखनऊ से रायबरेली जा रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में एसयूवी सवार श्रेय चौरसिया, श्रेयश चौरसिया, सत्यम सिंह और प्रियांशु जायसवाल घायल हो गए। वहीं, बाइक सवार शाहजहांपुर निवासी विकास कुमार और अंकुर को भी चोटें आईं। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।