शहर में बढ़ते अवैध कब्जे और गंदगी से खफा नगर आयुक्त के गुस्से की गाज पांच कर्मचारियों पर गिरी।
दो को तो निलंबित करने का आदेश दिया गया है जबकि तीन अन्य से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिन्हें निलंबित किया गया है उनमें सफाई सुपरवाइजर व एक प्रवर्तन निरीक्षक शामिल है। इसके अलावा एक सफाई सुपरवाइजर, सफाई व खाद्य निरीक्षक और प्रभारी कर अधीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है।
नगर आयुक्त ने यह कार्रवाई फैजाबाद रोड, निशातगंज और हनुमान सेतु बंधा रोड का निरीक्षण करने के बाद की है। नगर आयुक्त राकेश कुमार सिंह ने बताया सुबह नौ से दस बजे तक उन्होंने जोन-चार का निरीक्षण किया।
इस दौरान पॉलीटेक्निक चौराहा से निशातगंज पुल तक सड़क केदोनों ओर जगह-जगह कूड़ा पड़ा था। यहां तैनात सफाई सुपरवाइजर को निलंबित किया जाएगा।
इसी तरह फैजाबाद रोड पर कुकरैल से निशातगंज पुल तक जगह-जगह फल एवं सब्जी की दुकानें लगी थीं। हाल में नए जोनल अधिकारी अनूप बाजपेई बने हैं।
उसके बाद से यहां यह दुकानें लग गई हैं। इसको लेकर जोनल अधिकारी से कहा गया है कि वह क्षेत्रीय प्रवर्तन निरीक्षक का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए निलंबन प्रस्ताव पेश करें।
इसके साथ ही प्रभारी कर अधीक्षक को कड़ी चेतावनी जारी करने का निर्देश दिया गया है। निशातगंज पुल से हनुमान सेतु बंधा रोड पर खाटू श्याम मंदिर के पास गंदगी पाई गई।
इस संबंध में सफाई सुपरवाइजर व सफाई एवं खाद्य निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी की जाएगी।