फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सर्जन की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव, 40 स्टाफ की सैंपलिंग, ओपीडी रोकी

विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। जिले में नगर पालिका के एक बाबू के बेटे समेत चार कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं जिला अस्पताल के सर्जन की कोरोना रिपोर्ट ट्रूनेट मशीन के बाद बुधवार को एसजीपीजीआई लखनऊ से भी पॉजिटिव आ गई। इससे अफरातफरी मच गई।
विज्ञापन

सर्जन को लखनऊ रेफर करके लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वार्डों में काम कर रहीं नर्सों व अन्य स्टाफ के 40 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। ओपीडी को भी बंद करा दिया गया है। इमरजेंसी सेवाओं के साथ ही सर्जिकल की स्वास्थ्य सेवाएं ही सुचारु रखने का निर्णय लिया गया है।
जिला अस्पताल में तैनात सर्जन ने समस्या होने पर अस्पताल में ही लगी ट्रूनेट मशीन से मंगलवार को अपनी कोरोना की जांच कराई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पुष्टि के लिए सैंपल एसजीपीजीआई लखनऊ भेजा गया था। एसजीपीजीआई से बुधवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है।
विज्ञापन

सर्जन की हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल के सभी चिकित्सकों और स्टाफ की कोरोना जांच शुरू करा दी गई है।
पहले चरण में कुछ वार्डों में काम करने वाली नर्सों, वार्ड ब्वाय, सहित अन्य स्टाफ समेत करीब 40 लोगों के सैंपल जांच के लिए एसजीपीजीआई लखनऊ भेजे गये हैं। शेष स्टाफ की सैंपलिंग कल गुरुवार को कराई जाएगी।
कोरोना के संक्रमण को देखते हुए जिला अस्पताल की ओपीडी को बंद करा दिया गया है। सिर्फ इमरजेंसी सेवाओं को ही जारी रखने का निर्णय लिया गया है। सर्जिकल के मामले भी बहाल रखे गए हैं।
इसके अलावा शहर के शक्ती नगर में रहने वाली सास-बहू और नगर पालिका के एक बाबू के बेटे समेत चार कोरोना संक्रमित मिले हैं। सरेनी क्षेत्र के हथनासा रहने की एक महिला भी पॉजिटिव मिली है।
हालांकि महिला एक साल से लखनऊ में अपनी ससुराल में रहती है। कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद लखनऊ के ही अस्पताल मेें भर्ती कराया गया है। पालिका का बाबू पहले से ही एसजीपीजीआई लखनऊ में भर्ती है।
सलोन कस्बे के मिलकियाना पश्चिमी मोहल्ले में किराना व्यवसायी की 70 वर्षीय पत्नी के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद परिवार के 12 लोगों को क्वारंटीन सेंटर में भेजा गया है।
कस्बे को हॉट स्पॉट घोषित किया गया, लेकिन लोगों का आवागमन जारी है। मोहल्ले को सील भी नहीं किया गया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीके बैसवार ने बताया कि हॉट स्पॉट क्षेत्र में छह टीमों को लोगों की जांच के लिए भेजा गया है।
जिला अस्पताल के सर्जन की रिपोर्ट एसजीपीजीआई से भी पॉजिटिव आई है। सर्जन व एक अन्य संक्रमित को लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में भेजा गया है। जिला अस्पताल के स्टाफ की सैंपलिंग शुरू कराई गई है। विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।- डॉ. संजय कुमार शर्मा, सीएमओ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें