संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने आरोप लगाया है कि सपा के मुखिया अखिलेश यादव व्यापारी, दुकानदार और उद्योगपतियों के विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में उद्योगपति उतर प्रदेश में निवेश करने से डरते थे। वहीं प्रदेश की योगी सरकार ने साढ़े चार वर्ष में निवेश के लिए भयमुक्त माहौल तैयार किया जिसकी बदौलत यूपी में साढ़े चार लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए प्रदेश के वित मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि अखिलेश यादव को कारोबार की समझ नहीं है। कारोबारियों की सोच और उनकी समस्याओं से भी अखिलेश वाफिक नहीं है। उन्होंने कहा कि महामारी के भय से अखिलेश यादव घर से नहीं निकल रहे है। वह रोज बिना जाने समझे बयानबाजी कर सुर्खियों में बने रहना चाहते है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना प्रबंधन की तारीफ डब्ल्यूएचओ ने भी की है। इतना ही नहीं माइक्रोसॉफ्ट से लेकर आइका जैसे कंपनियां राज्य में अपने उद्यम की स्थापित कर रहें हैं। प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों तथा मुख्यमंत्री के प्रयास से देश तथा विदेश के बड़े -बड़े उद्योगपति 89,408.82 करोड़ रुपए का निवेश कर अपनी फैक्ट्री लगा रहें हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने छोटे दुकानदारों, ठेला, पटरी पर छोटा मोटा सामान बेचने वालो का विशेष ख्याल रखते हुए उन्हें आर्थिक सहायता दी है।