सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार दोपहर उत्तर प्रदेश का नया लोकायुक्त नियुक्त कर दिया है। इलाहाबाद हाइकोर्ट के रिटायर्ड जज वीरेन्द्र सिंह को यूपी के लोकायुक्त का पद मिला है। ऐसा पहली बार हुआ कि सुप्रीम कोर्ट ने किसी राज्य का लोकायुक्त नियुक्त किया है।
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार दोपहर को ये फैसला सुनाया। यूपी में लोकायुक्त की नियुक्ति कई दिनों से लटकी हुई थी। सुप्रीम कोर्ट ने जल्द से जल्द लोकायुक्त नियुक्त करने के लिए सरकार को फटकार लगाई थी। कोर्ट ने कहा है कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को अनसुना कर दिया। ये बेहद अफ़सोस जनक है। ऐसे में हम अनुच्छेद 142 के तहत लोकायुक्त की नियुक्ति का आदेश देते है।
राज्य सरकार इस आदेश को देखते हुए नियुक्ति आदेश जारी करेगी। 20 दिसंबर तक राज्य सरकार अनुपालन रिपोर्ट भी दाखिल करेगी। जस्टिस वीरेन्द्र सिंह इलाहाबाद हाइकोर्ट के रिटायर्ड जज है। वीरेन्द्र सिंह यूपी में मेरठ के रहने वाले हैं।