लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल के सुपरवाइजरों पर आउटसोर्स कर्मचारी को पदोन्नति देने का लालच देकर रुपये ऐंठने का आरोप लगा है। इस बार पीड़िता ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को स्पीड पोस्ट से पत्र भेजकर शिकायत की है। इसके अलावा शपथ पत्र देकर अस्पताल प्रशासन से भी शिकायत की है। पीड़िता ने एक वीडियो भी वायरल किया है।
खदरा के शिवनगर निवासी फूलमती शुक्ला ने बताया कि वह वर्ष 2007 से बलरामपुर अस्पताल में सुरक्षाकर्मी थी। वर्ष 2023 में वंशिका कंपनी का टेंडर होने पर उसके जरिये सुरक्षाकर्मी पद पर आउटसोर्स में नौकरी कर रही थी। अगस्त 2024 में अस्पताल के सुपरवाइजरों ने सुरक्षाकर्मी से वार्ड आया पद पर पदोन्नति कराने की बात कहते हुए 90 हजार रुपये की मांग की। महिला ने 42 हजार रुपये सुपरवाइजरों को दे दिए। फूलमती ने आरोप लगाया कि एक माह बाद भी उन्हें न तो वार्ड आया बनाया गया, न ही बढ़ा हुआ वेतन मिला। फूलमती ने जब अफसरों से शिकायत की बात कही तो उसे नौकरी से हटा दिया गया। अस्पताल निदेशक डॉ. कविता के मुताबिक, मामले की अभी शिकायत नहीं मिली है।