सुल्तानपुर में कुड़वार थाने लॉकअप में में बृहस्पतिवार की दोपहर अनुसूचित जाति के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक पर तीन दिन पूर्व एक किशोरी के साथ घर से फरार होने का आरोप था। पुलिस ने आरोपी की मां और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर दबाव बनाया तो वह किशोरी के साथ बुधवार की दोपहर थाने पहुंच गया। पुलिस बिना लिखा-पढ़ी किए ही किशोरी को उसके घर वालों को सौंपने पर आमादा थी, जबकि युवक को जेल भेजना चाहती थी। बृहस्पतिवार की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में लॉकअप के अंदर ही आरोपी की मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद एसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर एसओ कुड़वार, एसआई और मुख्य आरक्षी को निलंबित कर दिया है। लॉकअप पर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए एसपी ने पत्र लिखा है।
क्षेत्र के जगदीशपुर गांव का राजेश कोरी (25) एक किशोरी के साथ 31 मई को घर से फरार हो गया था। किशोरी की मां ने राजेश के खिलाफ 31 मई की रात में ही थाने में बेटी को बहलाकर भगा ले जाने की तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने केस नहीं दर्ज किया। एक जून को कुड़वार थाने की पुलिस ने राजेश की मां आशा और उसकी पत्नी ज्योति को हिरासत में लेकर थाने पहुंच गई। इसकी जानकारी जब राजेश को हुई तो वह किशोरी को लेकर दो जून की दोपहर खुद ही कुड़वार थाने में पहुंच गया। परिवारीजनों के अनुसार पुलिस ने राजेश को लॉकअप में डाल दिया, जबकि किशोरी को अलग कमरे में रखा था। राजेश के हाजिर होने के बाद पुलिस ने बुधवार को उसकी मां आशा और पत्नी ज्योति को थाने से छोड़ दिया था।
बृहस्पतिवार की सुबह राजेश की पत्नी ज्योति खाना लेकर थाने पहुंची थी। राजेश ने लॉकअप के अंदर ही खाना खाया था। राजेश की पत्नी ज्योति के घर जाने के थोड़ी देर बाद ही लॉकअप के अंदर उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस कर्मी आनन-फानन में उसे लेकर सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने राजेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अभिरक्षा में राजेश की मौत की सूचना मिलते ही एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र, सीओ सिटी राघवेंद्र चतुर्वेदी कुड़वार थाने पहुंच गए। एसपी ने घटना के बारे में एसओ अरविंद पांडेय से पूछताछ की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। भाई की मौत की सूचना के बाद जिला अस्पताल पहुंचे राजेश के भाई संजय ने बताया कि उसे पुलिस ने मौत की सूचना नहीं दी। उसे गांव वालों से जानकारी मिली। संजय के अनुसार उसका भाई खुदकुशी नहीं कर सकता।
प्रथम दृष्टया पुलिस कर्मियों की लापरवाही : एसपी
पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि राजेश गांव की ही एक नाबालिग को भगा ले गया था। इसी मामले में पुलिस ने बुधवार को नाबालिग को बरामद करते हुए राजेश को पकड़ा था। बृहस्पतिवार को राजेश की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई है। प्रथम दृष्टया लापरवाही बरतने के आरोप में एसओ कुड़वार अरविंद पांडेय, एसआई शस्त्राजीत प्रसाद व मुख्य आरक्षी बृजेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। पहरे पर तैनात होमगार्ड भोलेंद्र के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड को सूचित किया गया है।
मेरा पति बेगुनाह, लड़की खुद भागकर पहुंची थी
जगदीशपुर गांव निवासी राजेश की पत्नी ज्योति ने बताया कि उसका पति अहमदाबाद में नौकरी करता था। लॉकडाउन में करीब दो माह पहले ही राजेश अपनी पत्नी ज्योति, बेटे समर (7) व नंदिनी (3) को लेकर गांव आया था। सभी बेहद खुश थे। ज्योति ने बताया कि किशोरी राजेश के साथ खुद भागकर गई थी।
पुलिस बना रही थी किशोरी की मां पर दबाव
जगदीशपुर गांव की रहने वाली किशोरी की मां ने बताया कि 31 मई को राजेश उसकी बेटी को घर से भगा ले गया था। रात में वह राजेश के खिलाफ तहरीर लेकर थाने पहुंची तो पुलिस ने मुकदमा नहीं लिखा। पुलिस ने थाने से यह कहते हुए वापस कर दिया कि जाओ तुम्हारी बेटी मिल जाएगी। बुधवार को जब बेटी थाने पहुंची तो पुलिस ने उन्हें बुलाकर कहा कि तुम्हारी बेटी मिल गई है इसे ले जाओ। राजेश को मारपीट कर किसी और मामले में जेल भेज देंगे। बेटी को घर लाने से मां ने इंकार कर दिया।
गले पर था काला निशान: डॉ. नागेंद्र
सीएचसी पर तैनात चिकित्सक डॉ. नागेंद्र ने बताया कि पुलिस राजेश को लेकर चार बजकर आठ मिनट पर पहुंची थी। राजेश कुछ बोल नहीं पा रहा था। उसके गले पर काला निशान जैसा था। दो मिनट बाद ही राजेश को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।