यूपी पीसीएस परीक्षा को पूरी तरह से रद्द करने की मांग करते हुए इलाहाबाद विवि के एक छात्र ने कैंपस में आत्मदाह करने की कोशिश की।
पेपर लीक होने के बाद यूपी पीसीएस प्री परीक्षाओं के पहले पेपर को निरस्त कर दिया गया है। इस पेपर के होने की नई डेट भी आ गई है लेकिन इस मामले में अभी भी छात्रों का असंतोष बना हुआ है।
बुधवार को इलाहाबाद में इस मसले को लेकर बस और ट्रेनों में आग लगाई गई और शुक्रवार की दोपहर पूरी परीक्षा को निरस्त करके दोनों पेपर नए सिरे से कराने की मांग करते हुए एक छात्र ने आत्मदाह करने की कोशिश की।
यह मामला करीब 1 बजे का है। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे छात्र रजनीश सिंह ने छात्र संघ भवन के सामने खुदखुशी करने का प्रयास किया।
विवि के एमए प्रथम वर्ष के इस छात्र ने खुद के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर अपने को आग के हवाले कर दिया। इस सीन को देखते ही मौके पर मौजूद फोर्स किसी भी विवाद से बचने के लिए वहां से चली गई।
बाद में रजनीश के छात्र साथियों ने उसकी आग बुझाने का प्रयास किया। उसे जली हुई हालत में ही पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया है।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रजनीश सिंह को उसके साथी कहीं अज्ञात जगह पर ले गए हैं। पुलिस ने आत्मदाह करने वाले छात्र के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली है।
आत्माह की इस कोशिश के बाद विवि परिसर में जबर्दस्त तनाव व्याप्त है। इस घटना के बाद वहां भारी मात्रा में फोर्स तैनात कर दी गई है।