लखनऊ। ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय में जीभ के कैंसर से पीड़ित मरीज का सफल ऑपरेशन किया गया है। मरीज अनुज कनक (45) को ऑपरेशन के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उनकी जीभ के दाहिने किनारे पर करीब एक साल से घाव था।
ठाकुरगंज निवासी अनुज कनक ने कई स्थानीय डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन इलाज से कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उन्हें ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय ले गए। यहां ईएनटी विभाग की डॉ. अनित्या श्रीवास्तव ने कैंसर की आशंका में जांच कराई। जांच में स्क्वैमस सेल कार्सिनोमा (जीभ का कैंसर) की पुष्टि हुई। इसके बाद खून और रेडियोलॉजिकल परीक्षण किए गए। सभी रिपोर्ट के आधार पर 24 जुलाई को सर्जरी की गई। सर्जरी निशुल्क की गई।
सर्जरी के दौरान जीभ के प्रभावित हिस्से को निकाल दिया गया। साथ ही गर्दन के पहले, दूसरे और तीसरे स्तर की लिम्फ नोड्स की भी सफाई की गई। ऑपरेशन टीम में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. शाहिद अंसारी और नर्सिंग टीम में नीतू मिश्रा, अर्चना श्रीवास्तव, अरुणा देवी भी शामिल थीं।
साढ़े तीन घंटे चला ऑपरेशन
डॉ. अनित्या ने बताया कि ऑपरेशन करीब साढ़े तीन घंटे चला और सफल रहा। मरीज के गले में प्लेट पड़ी थी। इससे उसका मुंह कम खुलता था। यह एक बड़ी चुनौती थी।