संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (रायबरेली)। कस्बे के रहने वाले पत्रकार सुभाष पांडेय, अनुपमा पांडेय के पुत्र उत्कर्ष पांडेय अपनी उपलब्धि से परिवार का ही नहीं, पूरे महराजगंज क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। उत्कर्ष ने अमेरिका के बोस्टन यूनिवर्सिटी में मास्टर डिग्री के लिए आयोजित परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रवेश पा लिया है। अमेरिकन एंबेसी में इंटरव्यू के दौरान कामयाबी हासिल कर वीजा भी हासिल कर लिया है।
उत्कर्ष पांडेय ने महराजगंज कस्बे के इंडियन पब्लिक स्कूल से पढ़ाई शुरू की। इसके बाद आगे की पढ़ाई न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल त्रिपुला और काल्विन तालुकेदार कॉलेज लखनऊ से की। यूनिवर्सिटी आफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी एस्टडीज देहरादून से बीटेक की डिग्री हासिल की। मास्टर डिग्री हासिल करने के लिए अमेरिका के बोस्टन में नार्थ ईस्टर्न यूनिवर्सिटी में आवेदन किया और प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। अमेरिकन एंबेसी में वीजा के लिए इंटरव्यू में भी सफलता हासिल की, जिस पर अमेरिकन एंबेसी ने हरी झंडी दे दी। इस उपलब्धि पर पूर्व एमएलसी राकेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक राजाराम त्यागी, रामलाल अकेला, पूर्व ब्लाक प्रमुख सतेंद्र प्रताप सिंह, दिनेश सिंह राठौर, प्रभात साहू, सुधीर साहू आदि ने खुशी जताई है।