लखनऊ। चौक थाने में तैनात दरोगा मनोज कुमार पांडेय का बेटा शिवांशु 26 लाख रुपये व बिना नंबर की बीएमडब्ल्यू कार के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने उसके साथियों आशियाना सेक्टर-एन के रोचमन वर्मा व अनौरा सरोजनीनगर के रचित ठाकुर को भी गिरफ्तार किया। उनके पास सचिवालय का पास लगी एसयूवी मिली।
एसीपी कैंट सुजीत कुमार दुबे के अनुसार, चेकिंग के दाैरान आशियाना पुलिस को स्मृति उपवन के पास काली फिल्म लगी बीएमडब्ल्यू व एसयूवी खड़ी मिली। पूछताछ में तीनों आरोपी वाहनों के कागज नहीं दिखा पाए। डिफेंस कॉलोनी तेलीबाग निवासी शिवांशु ने बताया कि बीएमडब्ल्यू की डिकी में 26 लाख रुपये रखे थे। वे यह रकम गिनने के लिए इकट्ठा हुए थे। नकदी के बारे में आरोपी ठोस जवाब नहीं दे सके। उच्चाधिकारियों और इनकम टैक्स विभाग को मामले की जानकारी दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को दो दिन पहले ‘माफिया’ लिखी बीएमडब्ल्यू की सूचना मिली थी। तब चालक घेराबंदी तोड़कर भाग निकला था। बीएमडब्ल्यू का नंबर एचआर 70जी 9172 है, पर उसपर प्लेट नहीं लगी थी। एसयूवी पर लगे सचिवालय पास के बारे में भी आरोपी जानकारी नहीं दे पाए। एसयूवी कृष्णा कुमार सिंह और बीएमडब्ल्यू शिवांशु के नाम पंजीकृत है। शिवांशु ने बताया कि वह वाहनों की खरीद-फरोख्त का काम करता है।