सरोजनीनगर। क्षेत्र के अनौरा गांव निवासी दरोगा ओमप्रकाश सोनकर की बेटी श्रद्धा (21) ने सोमवार देर रात घर में फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या के कारण का पता नहीं चल सका है। वह यूपीएससी की तैयारी कर रही थी।
बंथरा थाने में तैनात दरोगा ओमप्रकाश सोनकर ने बताया कि बीती रात घर के सभी लोग खाना खाकर अपने कमरों में सो गए। मंगलवार तड़के 4:30 बजे वह बेटी को जगाने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, पर जवाब नहीं मिला। उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो श्रद्धा पंखे के हुक से चादर के सहारे बनाए फंदे पर लटकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर शव को उतारा। इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति ने बताया कि युवती ने आत्महत्या क्यों की, इस बारे में न तो परिजनों को कुछ पता है और न ही छानबीन में अब तक कोई वजह सामने आई है। श्रद्धा के परिवार में मां आरती सोनकर तथा दो भाई आदित्य सोनकर और रितिक सोनकर हैं।