लखनऊ। एकेटीयू ने दिसंबर में प्रस्तावित विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (एबीसी) आईडी अनिवार्य कर दी है। विवि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों की एबीसी आईडी नहीं होगी, वे परीक्षा फॉर्म नहीं भर सकेंगे। इसके साथ ही छात्रों के आधार विवरण का सत्यापन भी जरूरी होगा। परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया ने सभी संबद्ध कॉलेजों को पत्र भेजकर सभी विद्यार्थियों की एबीसी आईडी बनवाने और उसे विवि के ईआरपी पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। विश्वविद्यालय आगामी सत्र से विद्यार्थियों को फिजिकल मार्क्सशीट देना बंद करने की तैयारी भी कर रहा है। इस संबंध में कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने संबद्ध कॉलेजों की ऑनलाइन समीक्षा बैठक में दिशा-निर्देश दिए हैं।