लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने कहा, आने वाले समय में हर क्षेत्र में एआई की दखल होने वाली है। नई तकनीकी में चुनौतियां भी हैं तो अवसर की भी कोई कमी नहीं है। तकनीकी छात्रों की जिम्मेदारी इसलिए और बढ़ जाती है कि बदलती तकनीकी से खुद को अपडेट रखें और समाज को इसका फायदा पहुंचाएं।
वो इनोवेशन हब की ओर से मंगलवार को तीन दिवसीय क्रिप्टोग्राफी प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय इन्क्रिप्टेड तकनीकी का प्रयोग परीक्षा में पेपर के लिए 2016 से कर रहा है।
इससे न केवल खर्च में कमी आई बल्कि सुरक्षा और शुचिता भी बढ़ी है। कार्यक्रम में डीन इनोवेशन प्रो. बीएन मिश्रा, देवांश विक्रम, आयुष मोहन साह, वंदना शर्मा, इनोवेशन हब के हेड महीप सिंह आदि उपस्थित थे।