लखनऊ विवि में छात्रों ने मनाया बेरोजगारी दिवस
लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन कर बेरोजगारी दिवस मनाया। छात्रों ने अपनी डिग्रियों की प्रतियां जलाकर बेरोजगारी और रोजगार के सीमित अवसरों के प्रति विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सरकार से रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती और पारदर्शी व समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
छात्र नेता महेंद्र कुमार यादव ने कहा कि युवा वर्षों की मेहनत के बाद डिग्री हासिल करते हैं, लेकिन शिक्षा पूरी करने के बाद भी रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि डिग्रियां युवाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार और बेहतर भविष्य का आधार बननी चाहिए, महज कागज का टुकड़ा नहीं।
छात्रों ने नियमित भर्ती प्रक्रिया, समयबद्ध भर्ती कैलेंडर जारी करने और युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन में शुभम खरवार, अहमद रजा, विशाल सिंह, जीतू कश्यप, हिमांशु संघर्षी, मोहित पाल, सुमित राजभर, रुस्तम सिंह, तौकील गाजी, विशाल कुमार और विकास चौरसिया समेत अन्य छात्र मौजूद रहे।
लखनऊ विवि में छात्रों ने मनाया बेरोजगारी दिवस