लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के बीएससी (गणित व जूलॉजी) के जिन विद्यार्थियों के बैक पेपर छूट गए थे, उन्होंने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद छात्रों ने कुलपति प्रो. जेपी सैनी और परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) से जुड़े विद्यार्थियों ने मांग की कि जिन छात्रों के बैक पेपर छूट गए हैं, उनकी परीक्षा शीघ्र कराई जाए, ताकि किसी का भी शैक्षणिक सत्र बर्बाद न हो। एनएसयूआई के सदस्य प्रिंस प्रकाश, अंकुश चौहान, अरसलान और अमित ने बताया कि वार्ता के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बीएससी (गणित व जूलॉजी) के छूटे हुए बैक पेपर की परीक्षा जल्द कराने का आश्वासन दिया गया है।