l लखनऊ। परीक्षा व फीस के मुद्दे पर विद्यार्थियों ने शुक्रवार को कुलपति से मुलाकात करके उन्हें ज्ञापन दिया। छात्रों ने वीसी ऑफिस का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, इस बीच प्रोक्टोरियल बोर्ड से छात्रों की तीखी नोंक झोंक भी हुई। विवि के विभिन्न संकायों के पांच छात्रों का प्रतिनिधिमंडल कुलपति से वार्ता करने के लिए सुबह 11 बजे कुलपति कार्यालय पहुंचा। विद्यार्थियों के अनुसार, कुलपति ने व्यस्तता का हवाला देते हुए मिलने में असमर्थता जताई। विवाद बढ़ता देख शाम चार बजे कुलपति छात्रों से मिलने आये। छात्रों ने अपनी बात रखते हुए ज्ञापन सौंपा। वीसी प्रो. आलोक कुमार राय ने छात्रों की सभी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। छात्रों के प्रतिनिधिमंडल में हर्ष श्रीवास्तव, सौरभ सिंह, अमर यादव, रवि मिश्रा व आयुष श्रीवास्तव उपस्थित थे।