लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के न्यू कैंपस में नोटिस मिलने पर छात्रों ने हंगामा किया। एलएलबी तीन वर्षीय के छात्र विकास और हर्षित ने अतिरिक्त कुलानुशासक पर फर्जी नोटिस जारी करने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना था कि बिना जांच के निर्दोष विद्यार्थियों को फंसाया जा रहा है। दोनों छात्र अतिरिक्त कुलानुशासक कार्यालय पहुंचकर नोटिस वापस लेने और माफी की मांग करने लगे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, छात्र जबरन कार्यालय में घुसे थे। न्यू कैंपस के एडिशनल प्रॉक्टर प्रो. मो. अहमद ने 23 फरवरी को कक्ष संख्या 303 में डेस्क तोड़ने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में नोटिस जारी किया था। घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड बताई गई है और 24 घंटे में जवाब मांगा गया है।