लखनऊ। अलीगंज के बड़ा चांदगंज निवासी अतुल वर्मा (30) का शव मंगलवार सुबह फंदे से लटका मिला। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है।
अतुल के भाई दीपक ने बताया कि जानकीपुरम सेक्टर-ए वाले मकान में पिता राजेंद्र व मां मिथलेश के साथ वह रहते हैं। अलीगंज के बड़ा चांदगंज वाले मकान में हॉस्टल चलता है। दो दिन से अतुल अपने मित्र की शादी में शामिल होने चांदगंज आया था और मकान में ठहरा था। मंगलवार सुबह किरायेदार संजय अतुल के कमरे में पहुंचे तो दरवाजा भिड़ा हुआ था। वह अंदर गए तो अतुल को कुंडे में चादर के सहारे लटका देखकर खबर दी। पुलिस ने अतुल के मोबाइल फोन को कब्जे में ले लिया है। दीपक ने जांच की मांग करते हुए बताया कि माहभर पहले हॉस्टल में रह रहे दो युवकों से अतुल की कहासुनी हुई थी। दोनों ने धमकी दी थी।