केजीबीवी में छात्राओं व शिक्षिकाओं ने बनाई रंगोली।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश में नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाया जा रहा मिशन शक्ति अभियान दीपावली के अवसर पर नई ऊर्जा से दमक उठा। 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में दीपावली कुछ अलग तरह से मनाई गई। इसके तहत छात्राओं ने दीयों व रंगोली से 1090, 1098, 112 जैसे प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों को सजाया। ताकि, सुरक्षा और सहायता के ये संदेश हर बालिका तक पहुंच सकें।
इसके साथ ही विद्यालय परिसर में रंगोली से नारी सशक्तीकरण के प्रेरक स्लोगन भी लिखे। इसी क्रम में कई केजीबीवी में कैंडल मार्च कर बालिकाओं ने मिशन शक्ति से जुड़े संदेशों की तख्तियों से नारी सशक्तीकरण का संकल्प दोहराया। एक अन्य कार्यक्रम में लैंप और हाथ से बनी सजावटी वस्तुओं को बनाकर बेटियों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
बेटियां शिक्षित और सुरक्षित होंगी, तो प्रदेश आत्मनिर्भर और सशक्त बनेगा
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि केजीबीवी में दीपों से सजे ये संदेश केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज में चेतना, आत्मविश्वास और बदलाव की लौ हैं। जब बेटियां शिक्षित और सुरक्षित होंगी, तभी उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर और सशक्त बनेगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि मिशन शक्ति की यह पहल विद्यालयों में शिक्षा के साथ संवेदना और सुरक्षा की संस्कृति स्थापित करने वाली रही।