लखनऊ। गुडंबा स्थित इंटीग्रल विश्वविद्यालय के हॉस्टल में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे राहुल कुमार विश्वास (22) ने बुधवार रात कमरे में फंदा लगा लिया। तीन दिन पहले आए परीक्षा के परिणाम में वह फेल हो गया था।
इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातोष श्रीवास्तव ने बताया कि मूल रूप से गोरखपुर स्थित बेलघाट निवासी राहुल फर्स्ट ईयर का छात्र था। मौसेरे भाई कुंदन के अनुसार एक विषय को छोड़कर बाकी सभी में उसकी बैक आई थी। मां मीठू, पिता राजकुमार विश्वास ने दिलासा देने के साथ राहुल को आगे मेहनत कर पास होने के लिए प्रोत्साहित किया।
बुधवार रात आठ बजे राहुल ने मां को फोन कर बृहस्पतिवार को ऑनलाइन पेरेंट्स मीटिंग होने की बात बताई। इस पर भी उन्होंने बेटे से कहा कि परेशान न हो। इसी बीच रूममेट ने राहुल से मेस में चलने को कहा तो उन्होंने 10 मिनट बाद आने की बात कही।
रूममेट कुछ देर बाद लौट तो कमरा अंदर से बंद था। खटखटाने पर भी जवाब नहीं मिला तो उसने वार्डन को बताया। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो पंखे से नायलॉन की रस्सी से राहुल को लटका देखा। विवि के लोग व अन्य छात्र उसे परिसर में बने अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों को देर रात सूचना दे दी गई। फिलहाल उन्होंने कोई आरोप नहीं लगाया है। राहुल का भाई सूरज पिता के साथ मेडिकल स्टोर चलाता है।