काकोरी। पारा के निजी कॉलेज में डीएड की छात्रा ने सहपाठी शिवजीत पर छेड़खानी और भाई को पीटने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मूलरूप से हरदोई की रहने वाली छात्रा का आरोप है कि आरोपी सहपाठी अक्सर छेड़खानी करता है। इससे परेशान होकर उन्होंने भाई को इसकी जानकारी दी थी। आरोप है कि 30 अप्रैल को आरोपी ने महिला मित्रों के जरिये उन्हें कॉलेज न आने और हत्या की धमकी दिलाई। सोमवार को वह कॉलेज आई तो छुट्टी के समय आरोपी ने उन्हें रोक लिया। इस बीच पहुंचे उनके भाई ने आरोपी का विरोध किया तो उसने महिला मित्रों के साथ उसकी पिटाई कर दी।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि मारपीट में घायल हुए पांच लोगों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।