पड़ोसी के सामने छात्र ने लगाया फंदा, पुलिस के पहुंचने तक मौत
लखनऊ। हसनगंज के डालीगंज में पन्नालाल रोड निवासी इंजीनियरिंग के छात्र आशीष सक्सेना (21) को शनिवार सुबह फंदा लगाते देखकर पड़ोसी के होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस थाने के पास ही बने छात्र के घर पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा, पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जान देने से पहले छात्र ने दोस्त को व्हाट्सएप मैसेज भी भेजा था।
मृतक के बड़े भाई सुमित के मुताबिक आशीष निजी इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहा था। काफी वक्त पहले परीक्षा के दौरान आशीष सड़क हादसे में घायल हो गया था। इस कारण कुछ पेपर में बैक लग गई थी। इससे वह अवसाद में था।
सुमित ने बताया कि शनिवार सुबह आशीष बाइक से कहीं गया था, पर कुछ देर बाद लौट आया था। इस बीच पड़ोसी की नजर उनके मकान की खिड़की पर पड़ी। उसने देखा कि आशीष फंदा लगाने जा रहा है। आनन-फानन पड़ोसी भागते हुए हसनगंज थाने पहुंचा और जानकारी दी।
जान देने से पहले दोस्त को भेजा था व्हाट्सएप मैसेज
पुलिस छात्र के घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह दरवाजा तोड़कर पुलिस कमरे में पहुंची। हालांकि, तब तक आशीष दम तोड़ चुका था। आशीष ने जान देने से पहले अपने दोस्त को व्हाट्सएप मैसेज भेजा था, इसमें उसने मैं जा रहा हूं... की बात लिखी थी। पुलिस के मुताबिक तहरीर मिलने पर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जाएगी। वहीं, सुमित ने बताया कि बीते वर्ष पिता कपिल सक्सेना की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। 2019 में बीमारी के कारण मां सिंधु की भी मौत हो गई थी।