लखनऊ। दशहरा मेला देखने गई बीए प्रथम वर्ष की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पूर्व परिचित आयुष पाल और उसके दोस्त पर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर दोनों को हिरासत में लिया है।
इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के अनुसार, यह घटना 20 अक्तूबर को हुई थी। छात्रा परिजनों के साथ मौंदा गांव में दशहरा मेला देखने गई थी। वहां उसकी मुलाकात पतौरा गांव निवासी आयुष पाल से हुई। आयुष चाय पिलाने के बहाने छात्रा को बाइक से अपने साथ ले गया। रास्ते में उसका साथी साहिल भी बाइक पर बैठ गया। दोनों छात्रा को एक बाग में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने छात्रा के साथ हाथापाई की और धमकाया।
तीन दिन तक डरी-सहमी रही छात्रा
घटना के बाद डरी-सहमी छात्रा किसी तरह घर पहुंची। डर के कारण तीन दिन तक चुप रही। पेट में दर्द होने पर उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजन शिकायत लेकर सरोजनीनगर थाने पहुंचे जहां से उन्हें घटना काकोरी क्षेत्र की होने की जानकारी देकर काकोरी थाने भेज दिया गया। इसके बाद छात्रा की शिकायत पर काकोरी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। एसीपी काकोरी शकील अहमद के मुताबिक, आयुष पाल और कनक सिटी निवासी साहिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद तीसरा युवक भी मौके पर पहुंचा था
एसीपी ने बताया कि छात्रा ने अपने बयान में बताया है कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद दोनों आरोपियों का एक अन्य साथी भी मौके पर पहुंचा था। एसीपी ने बताया कि जल्द ही छात्रा का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया जाएगा। बयान में तीसरे युवक की भूमिका सामने आने पर उसे भी आरोपी बनाया जाएगा।