बख्शी का तालाब। हाईस्कूल की परीक्षा देकर लौट रहे चार छात्र डाला से टकरा गए। सभी एक ही बाइक पर सवार थे। छात्रों ने हेलमेट भी नहीं पहना था। हादसे में बाइक चला रहे बीरमपुर निवासी अनमोल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य छात्र मदारीपुर निवासी महेंद्र, बीकेटी निवासी अनुज कुमार और बीरमपुर निवासी आदर्श घायल हो गए। तीनों को राम सागर मिश्र हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक बीकेटी कैलाश दुबे के मुताबिक कठवारा गांव के यूबीएस कॉन्वेंट इंटर कॉलेज में चारों छात्र अंग्रेजी की परीक्षा देने गए थे। परीक्षा के बाद सभी शुक्रवार को एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। बाइक अनमोल (18) चला रहा था। चंद्रिका देवी रोड पर भगवती लॉन के पास दोपहर 12 बजे ओवरटेक के दौरान बाइक सामने से आ रहे हाफ डाला से टकरा गई।
अनमोल बाइक से गिरकर हाफ डाले के नीचे आ गया। डाला का पहिया उसके सिर पर चढ़ गया। हेलमेट नहीं लगाए होने के कारण अनमोल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हाफ डाला के चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बेटे का शव देखकर पिता ने खुद को किया लहूलुहान
अनमोल के पिता राजकुमार रावत किसान हैं। उनके पांच बेटों में अनमोल चौथे नंबर पर था। अनमोल के भाइयों में लवकुश, अंकुश, लवकेश और अंकुल के अलावा एक छोटी बहन भी है। हादसे की सूचना पाकर परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में बेटे का शव देखकर राजकुमार ने अपना सिर दीवार में लड़ाकर खुद को लहूलुहान कर लिया। अनमोल की मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया। अनमोल के चारों भाई, पिता और मां का रो-रोकर बुरा हाल था। कुछ लोगों ने नाराज होकर अस्पताल परिसर की खिड़की भी तोड़ दी। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया।