प्रवेश पत्र न मिलने से क्षुब्ध छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधक प्रवेश पत्र के नाम पर 15 हजार रुपये मांग रहा था।
पुलिस ने प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच में विद्यालय के फर्जी तरीके से संचालित होने की बात सामने आई है।
शुक्लागंज निवासी जगदीश प्रसाद का बेटा सूरज कुमार (17) बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जमुनिहाबंगर में रहकर गांव के ही नानामऊ मार्ग स्थित सरस्वती बाल शिक्षा निकेतन में इंटर में पढ़ रहा था।
जगदीश प्रसाद के मुताबिक 19 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए सूरज बुधवार को विद्यालय गया और प्रबंधक संजय शुक्ला से प्रवेश पत्र मांगा।
आरोप है कि प्रबंधक ने प्रवेश पत्र के नाम पर 15 हजार रुपये मांगे। रुपये न देने पर प्रबंधक ने सूरज को लात घूंसों से जमकर पीटा और बेइज्जत किया। सदमे के चलते छात्र ने घर की कोठरी की छत में गमछा बांधकर बुधवार देर शाम फांसी लगा ली।
पड़ोसियों को जानकारी हुई तो मोबाइल के जरिए सूरज के पिता को सूचना दी। पिता जगदीश प्रसाद देर रात घर पहुंचे और सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।