लखनऊ। बीबीडी के जुग्गौर नेवाजगंज निवासी बीएससी छात्र करन सिंह मुनाफे के चलते घर में बड़े पैमाने पर गैस रिफिल करता था। 29 जनवरी को रिफिलिंग के दौरान हुए धमाके में करन गंभीर रूप से झुलस गया था। पूर्ति विभाग की तहरीर पर बीबीडी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पूर्ति निरीक्षक सत्यम मिश्र के मुताबिक 29 दिसंबर को बीबीडी पुलिस ने घटना की जानकारी दी थी। टीम सुबह करीब 11.30 बजे घर पहुंची तो उसे करन के पिता भुल्लन सिंह मिले थे। निरीक्षण में टीम को मकान से 15 बड़े कॉमर्शियल, छह घरेलू और दो पेट्रोमैक्स सिलिंडर मिले थे। लोहे के दो और एक पीतल का रिफिलर, तीन पेचकस, प्लास्टिक कैप और रेती भी बरामद हुई। पूर्ति निरीक्षक का कहना है कि भुल्लन ने बताया कि बेटा गैस सिलिंडर रिफिल करने का काम घर में करता था। वह किस एजेंसी से सिलिंडर लाता था इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। करन का अभी सिविल अस्पताल में इलाज जारी है। इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह के मुताबिक करन की हालत सामान्य है। पूरी तरह से ठीक होने पर आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।