कोरोना काल में बुनकरों को फ्लैट रेट पर बिजली दिए जाने की सुविधा समाप्त करने के विरोध में प्रदेश भर में चल रही बुनकरों की बेमियादी हड़ताल खत्म हो गई है। गुरुवार को वाराणसी से भाजपा के एमएलसी अशोक धवन, मेरठ से सपा विधायक रफीक अंसारी व बुनकर सभा के अध्यक्ष हाजी इफ्तिखार अंसारी के नेतृत्व में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल के साथ करीब साढ़े चार घंटे की वार्ता के बाद बुनकरों ने हड़ताल वापस लेने का एलान किया।
सरकार ने फिलहाल बुनकरों को 1 जनवरी 2020 से फ्लैट रेट पर बिजली की सुविधा खत्म करने का फैसला वापस ले लिया है। 31 जुलाई 2020 तक बुनकरों को पहले की तरह फ्लैट रेट पर ही बिलिंग होगी। बुनकरों से विचार-विमर्श करके बिलिंग की नई व्यवस्था लागू की जाएगी, जो 1 अगस्त से मान्य होगी।
खादी भवन में बुनकर प्रतिनिधियों के साथ बातचीत में सहगल ने बताया कि बुनकरों को बिजली निगमों द्वारा कनेक्शन काटने व अन्य कार्रवाइयों को वापस लिए जाने का आश्वासन भी दिया गया है। बुनकरों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।