लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन सोमवार को परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सख्ती देखने को मिली। सुरक्षा जांच के दौरान पुरुष अभ्यर्थियों के जूते और बेल्ट उतरवाए गए, वहीं महिला अभ्यर्थियों से मंगलसूत्र, पायल समेत अन्य आभूषण भी उतरवाए गए।
महाराजा बिजली पासी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय केंद्र पर महिला पुलिसकर्मियों ने हरदोई से आई अभ्यर्थी सरिता देवी सहित कई अन्य महिलाओं से बाली, कंगन, पायल और मंगलसूत्र उतरवाने को कहा। इस दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने विरोध भी जताया, लेकिन अंततः उन्हें अपने कीमती आभूषण केंद्र के बाहर मौजूद परिजनों को सौंपने पड़े।
आजमगढ़ से आए अभ्यर्थी शैलेश कुमार ने बताया कि परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले जूते, बेल्ट, मोबाइल, घड़ी और पेन तक ले जाने पर रोक थी। केवल आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही प्रवेश दिया गया।
वहीं गाजीपुर, गोरखपुर, मऊ और देवरिया जैसे दूरदराज जिलों से आए अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्रों के आवंटन पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि 300 से 400 किलोमीटर दूर केंद्र मिलने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
55 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित परीक्षा के स्तर को लेकर भी अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए। उनके अनुसार प्रश्नपत्र का स्तर उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा जैसा था। अधिकांश प्रश्न जटिल थे, जिससे उन्हें निर्धारित समय में हल करने में कठिनाई हुई।