नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान पिछले कई दिनों से दिल्ली के बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, किसान संगठनों ने आठ दिसंबर को केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ भारत बंद का आवाह्न किया है।
सोमवार को अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी को पत्र लिखकर कहा है कि वे पुलिस अधिकारियों को निर्देश दें कि गाजियाबाद और नोएडा में किसानों के प्रदर्शन में शामिल लोगों का विवरण रखें।
इसमें अगर प्रतिबंधित संगठनों के सदस्य, असामाजिक तत्व धरना स्थल पर पाए जाते हैं तो इनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। नोएडा और गाजियाबाद में प्रवेश से 10 किलोमीटर पहले कम से कम पांच स्थानों पर ट्रैक्टरों और ट्रॉलियों को रोकने के लिए चेक पोस्ट बनाया जाए। अन्य राज्यों की सीमा पर भी चौकसी के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसान यूपी के रास्ते दिल्ली न जाने पाएं।
साथ ही दुकानें जबरन बंद कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे किसी की भी जबरन दुकान बंद नहीं हो, किसी के साथ मारपीट न की जाए। डीजीपी ने यूपी में सभी एडीजी जोन, आई रेंज और एसपी-एसएसपी को अराजक तत्वों के साथ सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।