लखनऊ। शहर के सरकारी स्कूलों में सभी बच्चों के ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री (अपार) आईडी न बन पाने के कारण बीएसए ने सभी शिक्षकों और खंड शिक्षा अधिकारियों का वेतन रोक दिया है। वहीं, अपार आईडी बनाने की अंतिम तारीख पांच फरवरी है। शिक्षकों को अब एक ही दिन में छूटे बच्चों की अपार आईडी बनवानी होगी। इसके बाद ही वेतन जारी होगा।
बीएसए राम प्रवेश ने कहा कि सरकारी स्कूलों के 1.75 लाख बच्चों की अपार आईडी बननी है। इसमें 75 फीसदी से अधिक बच्चों के ही आधार बन पाए हैं। 25 प्रतिशत बच्चों के आधार पांच फरवरी को बनवाने होंगे। दूसरी ओर, शहर के 887 निजी स्कूलों के पास भी एक ही दिन का मौका है। ऐसा पहली बार हुआ है जब कोई काम पूरा न होने पर सभी शिक्षकों और खंड शिक्षा अधिकारियों का वेतन एक साथ रोका गया है।
बता दें कि अमर उजाला ने अपार न बनने का मुद्दा 23 जनवरी से लगातार उठा रहा है। खबर का संज्ञान शिक्षा महानिदेशक कंचन वर्मा ने भी लिया है, तबसे लगातार समीक्षा भी हो रही है।
18 खंड शिक्षा अधिकारियों को नोटिस
अपार न बनने के कारण राजधानी सहित मंडल के 18 खंड शिक्षा अधिकारियों को मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (एडी बेसिक) श्याम किशोर तिवारी ने नोटिस जारी किया है। मंडल स्तर पर हुई समीक्षा के बाद पाया गया कि खंड शिक्षा अधिकारी शिक्षकों का सहयोग नहीं कर रहे। बीईओ को अपार कार्ड बनवाने के लिए दो दिनों का मौका दिया गया है। लखनऊ के मलिहाबाद, जोन तीन, सीतापुर के नगर क्षेत्र बिसवां, मिश्रिख, हरगांव, लखीमपुर खीरी में पलिया कला, मोहम्मदी नगर, पसगवां, रायबरेली के हतोह, डीह, नगर क्षेत्र रायबरेली, उन्नाव के बागंरमऊ, नगर क्षेत्र उन्नाव, सिकंदरपुर सरोसी के खंड शिक्षा अधिकारियों नोटिस दिया गया है। इनके ब्लाॅकों में बच्चों की अपार आईडी नहीं बनी है।
वेतन रुकने पर शिक्षक नाराज, बीएसए से मिले
शिक्षकों का जनवरी का वेतन रोकने के विरोध में शिक्षक-शिक्षामित्र अनुदेशक कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने बीएसए राम प्रवेश को ज्ञापन सौंपा है। संयुक्त मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी हरिशंकर राठौर ने कहा कि वेतन जारी नहीं हुआ तो आंदोलन की रणनीति तय होगी। इस मौके पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्रा, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विनीत कुमार सिंह, प्रांतीय उपाध्यक्ष शालिनी मिश्रा, संगठन मंत्री शशि प्रभा सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरिकृष्ण गुप्ता, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के महामंत्री सुधीर सहगल उपस्थित रहे।
शिक्षकों ने कहा अपार बनने में ये है समस्या
- कई बच्चों के आधार नहीं बने
- विद्यालय अभिलेख व आधार कार्ड में अंतर
- अभिभावकों की सहमति नहीं मिल रही
- एक छात्र का नाम दो विद्यालय में दिख रहा