लखनऊ। मोहनलालगंज में रायबरेली रोड पर स्थित राधास्वामी व्यास सत्संग स्थल पर दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन शनिवार को बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। राधास्वामी व्यास सत्संग के आध्यात्मिक प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह जी ढिल्लो ने भक्तों के मन की बात सुनी और समाधान भी सुझाया।
महिला श्रद्धालु ने प्रश्न किया कि हर छोटी-बड़ी बात को लेकर तनाव हो जाता है, इसका क्या समाधान है। इस पर बाबा ने कहा, जीवन है तो तनाव भी स्वाभाविक है। लिहाजा तनाव न लें और मन को शांत रखें। साथ ही समस्याओं पर समय खराब करने के बजाय उसके समाधान के रास्ते तलाशें।
अन्य श्रद्धालु ने पूछा, मनुष्य जीवन में क्या करे कि उसकी सभी इच्छाएं पूरी हो जाएं। इस पर बाबा ने कहा, इंसान के पास कई घर और कई गाड़ियां होने के बावजूद वह एक ही घर में रहता है और एक ही गाड़ी से चलता है। लिहाजा अच्छे कर्म करने के साथ समाज में लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करें। कभी ऐसा काम नहीं करना चाहिए, जिससे दूसरे को तकलीफ हो। अगर कोई आपसे विवाद करता है तो नजरअंदाज कर दें। यही बात आपको दूसरे से अलग व बेहतर बनाती है।
एक घंटे तक सवाल-जवाब के बाद लंगर का वितरण किया गया। रविवार के सत्संग के लिए देर शाम तक लोग पहुंचते रहे। सेवादार ने बताया कि नौ बजे बाबा गुरिंदर सिंह जी ढिल्लो राधास्वामी सत्संग स्थल पर करीब दो घंटे तक सत्संग करेंगे। मुख्य गेट से पंडाल करीब एक किमी दूर था।
तीन चरणों में तलाशी के बाद प्रवेश
लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज व कानपुर समेत प्रदेशों के अन्य जिलों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे। तीन चरणों की तलाशी के बाद उन्हें सत्संग पंडाल में प्रवेश दिया गया। इस दौरान मोबाइल फोन भी जमा करा दिए गए।
सेवादारों ने संभाली ट्रैफिक व्यवस्था
भीड़ के चलते सेवादारों को मोहनलालगंज कस्बे से तेलीबाग तक ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए लगाया गया था। उनके साथ पुलिसकर्मी भी थे। आयोजन में पार्किंग से लेकर साफ-सफाई और मेडिकल टीम के साथ डॉक्टर की तैनाती भी की गई है। करीब आधा दर्जन एंबुलेंस भी लगाई गई हैं।
फोटो-
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी की मुलाकात
बाबा गुरिंदर सिंह जी ढिल्लो ने शनिवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। सीएम योगी ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट किया। बाबा के साथ हुजूर जसदीप सिंह गिल भी थे। सेवादार ने बताया कि करीब एक घंटे तक चली मुलाकात में कई सामाजिक मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान बाबा ने सीएम को राधास्वामी सत्संग व्यास अमृतसर आने का आमंत्रण भी दिया। उन्हें वहां आने का वादा भी किया।