मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जिला चिकित्सालयों, मेडिकल कॉलेजों तथा चिकित्सा संस्थानों में दवाइयों एवं ऑक्सीजन की सुचारु व्यवस्था बनाए रखी जाए। उन्होंने लखनऊ व कानपुर नगर में उपचार व्यवस्था को और सुदृढ़ किए जाने केनिर्देश दिए। कहा कि अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य तथा अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास व पंचायतीराज लखनऊ तथा प्रमुख सचिव स्वास्थ्य कानपुर नगर की चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा करें।
मुख्यमंत्री बुधवार को लोक भवन में उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कोविड अस्पतालों की व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। कहा कि चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ वार्ड का नियमित राउंड लें। कोविड-19 के उपचार की सभी आवश्यक दवाओं की बैकअप सहित पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सुनिश्चित किया जाए कि रोगियों के लिए ऑक्सीजन निर्धारित दर पर उपलब्ध हो। इसकी कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। कोविड अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ाई जाए। कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग का कार्य तेजी से करने के लिए सर्विलांस टीम की व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए। बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, मुख्य सचिव आरके तिवारी व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
ठीक हुए रोगियों की उपचार विधि की स्टडी करें
योगी ने कहा कि कोविड संक्रमित रोगी को समय से अस्पताल में भर्ती कराते हुए इलाज शुरू करके अधिक से अधिक जीवन रक्षा की जा सकती है। उन्होंने अस्पतालों में भर्ती मरीजों की गहन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफलतापूर्वक उपचारित रोगियों की इलाज विधि का बारीकी से अध्ययन किया जाए। इससे अन्य मरीजों का सफल इलाज करने में मदद मिलेगी। उन्होंने अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा को मेडिकल कॉलेजों व चिकित्सा संस्थानों में तथा अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य को जिला चिकित्सालयों में इसकी समीक्षा कराने के निर्देश दिए।
बचाव के लिए लोगों को करें जागरूक
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक कोविड-10 की कोई कारगर दवा या वैक्सीन विकसित नहीं हो जाती, तब तक बचाव ही सबसे अच्छा उपाय है। इसलिए जागरूकता कार्यक्रम प्रभावी तरीके से चलाया जाए। मुख्यमंत्री को बताया गया कि पब्लिक एड्रेस सिस्टम से जनता को कोविड-19 से बचाव एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में जागरूक करने लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
उचित मूल्य पर उपलब्ध कराएं सब्जियां
योगी ने कहा कि जनता को उचित मूल्य पर सब्जियां उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। उन्होंने आलू, प्याज, टमाटर की जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मूल्य समर्थन योजना के तहत धान की खरीद के लिए समयबद्ध तैयारियां की जाएं। धान क्रय केंद्रों की संख्या में वृद्धि का आकलन कर इसे लागू किया जाए।