केजीएमयू में घूम रहे आवारा कुत्ते।
लखनऊ। किंग जाॅर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में आवारा कुत्तों की फाैज घूम रही है। इससे तीमारदार और मरीजों में दहशत है और संक्रमण फैलने का खतरा भी है। संस्थान में शुक्रवार को जनरल सर्जरी वार्ड में यह झुंड नजर आया, लेकिन किसी जिम्मेदार ने इनको हटाने का प्रयास नहीं किया। बीते दिनों भी एक कुत्ता घायल का कटा हुआ हाथ लेकर घूमता नजर आया था। इन कुत्तों की वजह से खतरनाक बैक्टीरिया फैलने का खतरा रहता है। केजीएमयू प्रवक्ता प्रो. केके सिंह के मुताबिक, आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए कई बार नगर निगम को पत्र लिखा गया। चिकित्सा संस्थान में इनका होना खतरनाक हो सकता है। केजीएमयू अपने स्तर पर भी इनका समाधान तलाश रहा है।