लोगों को बुनियादी सुविधा देने वाले विभाग में अफसरों के बीच खींचतान की चर्चाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
इस विभाग के मुखिया नवाब साहब के क्या कहने। वे कब किस पर तन जाएं, अल्लाह ही मालिक है। इनके सबसे खास मातहत ठाकुर साहब भी कम नहीं हैं।
विभाग के बड़े अधिकारी से उनकी पट नहीं रही थी, सो एक पद नीचे महिला अफसर की तैनाती करा दी गई। बड़े साहब नाराज हुए और छुट्टी पर चले गए।
ठाकुर साहब ने इस महिला अफसर के माध्यम से फाइल भेजनी शुरू कर दी। पहले तो फाइलें धड़ाधड़ निकल रही थीं, लेकिन बाद में रुकने लगीं।
वजह कुछ फाइलें ऐसी होती थीं, जिन पर लिखा होता था मंत्री के आदेश पर, सो महिला अफसर उन पर यह लिखकर वापस करने लगीं कि कहां है मंत्री का आदेश।
कुछ दिनों तक तो यह चला फिर ठाकुर साहब को लगा कि अब ऐसे काम नहीं चलेगा, सो उन्होंने फिर बड़े साहब के पास फाइलें भिजवानी शुरू कर दीं।
अब विभाग में इसको लेकर खूब चर्चाएं हैं कि ठाकुर साहब तो अपने हिसाब से काम निकालते हैं।