लखनऊ। मड़ियांव के फैजुल्लागंज में रविवार को नाला खोदाई के दौरान अज्ञात लोगों ने कार्यदायी संस्था के कर्मियों व मशीनों पर पथराव कर दिया। कई कर्मचारी चोटिल हो गए। नगर निगम के अवर अभियंता विनोद कुमार पाठक ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विनोद के मुताबिक गोमती नदी से घैला रोड होते हुए आईआईएम रोड तक आठ किमी लंबे नाला निर्माण को शासन से स्वीकृति मिली है। कार्यदायी संस्था मेसर्स अजय बिल्डर्स इंजी एंड कांस ओपीसी प्रालि. को इसका जिम्मा सौंपा गया है। लोकनिर्माण विभाग से सड़क को लेकर अनापत्ति प्रमाणपत्र भी मिला है। दाऊद नगर से घैला रोड के किनारे खोदाई का कार्य चल रहा है। रविवार को गाजीपुर बलराम प्राथमिक स्कूल की बायीं पटरी पर खोदाई के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने कर्मियों और मशीनों पर पथराव कर दिया। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा के मुताबिक सरकारी काम में बाधा डालने की धारा में केस दर्ज किया गया है।