रायबरेली/बछरावां। वंदेभारत एक्सप्रेस पर सोमवार को किसी शरारती तत्व ने पत्थर फेंक दिया जिससे एसी कोच का शीशा टूट गया। पता चलते ही बछरावां चौकी से आरपीएफ घटनास्थल पहुंची, लेकिन पत्थर मारने वाले का पता नहीं चल सका। वंदेभारत ट्रेन के रायबरेली स्टेशन पहुंचने पर भी आरपीएफ ने मुआयना किया। हालांकि इस घटना से वंदेभारत ट्रेन के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।
गोरखपुर से लखनऊ, रायबरेली होते हुए वंदेभारत ट्रेन प्रयागराज तक जाती है। सोमवार को यह ट्रेन सुबह लखनऊ से रायबरेली की ओर आ रही थी, तभी बछरावां रेलवे स्टेशन के होम सिग्नल के पास किसी ने पत्थर मार दिया। इससे ट्रेन के एसी कोच सी-3 का शीशा चटक गया। वंदेभारत का बछरावां में स्टॉपेज नहीं है, जिससे ट्रेन बछरावां में नहीं रुकी और आगे निकल गई।
ट्रेन के स्टाफ ने तुरंत बछरावां रेलवे स्टेशन को घटना की सूचना दी। बछरावां स्टेशन की आरपीएफ चौकी प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि आरपीएफ की टीम घटनास्थल पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।
रायबरेली स्टेशन पर वंदेभारत ट्रेन अपने तय समय से नौ मिनट पहले पहुंची तो आरपीएफ ने ट्रेन के स्टाफ से पूरे मामले की जानकारी ली। शाम को प्रयागराज से लौटते समय भी आरपीएफ ने रायबरेली, बछरावां समेत अन्य स्टेशनों पर सतर्कता बढ़ाई। आरपीएफ इंस्पेक्टर आलोक मौर्य ने बताया कि बछरावां और श्रीराज नगर स्टेशनों के बीच वंदेभारत ट्रेन पर किसी ने पत्थर फेंका, जिससे शीशा चटक गया है। केस दर्ज किया जा रहा है।