सीतापुर में 100 से 150 रुपये लेकर आधार कार्ड बनाने का मामला प्रकाश में आया है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) की लखनऊ टीम ने स्टिंग ऑपरेशन कर ऐसी दो एजेंसियों को पकड़ा है।
सीतापुर की इन दोनों एजेंसियों और उनके नामांकन केंद्र ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। प्राधिकरण के कम्युनिकेशन अधिकारी अकरम अली ने बताया कि कई दिन से लखनऊ, सीतापुर और दूसरे जिलों से हमें लगातार आधार बनवाने के लिए रिश्वत की मांग की शिकायत मिल रही थीं।
इसके बाद एक टीम सीतापुर भेजी गई। यहां हमारी टीम ने खुद नामांकन केंद्रों पर जाकर आधार कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया। टीम की जांच में दो नामांकन एजेंसियों को मौके पर पकड़ा गया।
इन दोनों एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। ब्लैकलिस्ट की गई कंपनियों में नीरज सिंह ऑपरेटर की एजेंसी भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ और नवदीप शर्मा ऑपरेटर की एजेंसी एनके शर्मा इंटरप्राइज लिमिटेड शामिल है।