फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लविवि: लॉ पेपर लीक मामले में वीसी घिरे, एसटीएफ करेगी जांच, महिला की बातचीत का कथित ऑडियो वायरल

Thu, 12 Dec 2019 10:57 PM IST
शाहरुख खान ब्यूरो, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
lucknow university - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
लखनऊ विश्वविद्यालय में एलएलबी त्रिवर्षीय पाठ्यक्रम के तीसरे सेमेस्टर के पेपर लीक प्रकरण में कुलपति डॉ. एसके शुक्ला घिर गए हैं। बृहस्पतिवार को मामले में नया मोड़ आ गया जब लॉ के शिक्षकों से महिला की बातचीत के बाद कथित रूप से कार्यवाहक वीसी से महिला की बातचीत का ऑडियो व्हाट्सएप पर वायरल हो गया। 
विज्ञापन


हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है कि ऑडियो में आवाज कुलपति की है या नहीं। इस बीच, आक्रोशित छात्रों ने परीक्षा निरस्त किए जाने के खिलाफ और कुलपति-शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग को लेकर चौतरफा विरोध-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच एसटीएफ से भी कराने के निर्देश दिए हैं।

कथित रूप से वीसी से बातचीत के वायरल ऑडियो में ऐसा लग रहा है कि फोन महिला को किया गया है और उससे पेपर के बारे में जानकारी ली जा रही है। नया वीडियो वायरल होने के बाद कहा जा रहा है कि पूरे प्रकरण में वीसी की भूमिका अहम है। हालांकि मामला सामने आने के बाद कुलपति दिन भर अपने आवास से बाहर नहीं निकले। इस मामले में बिना जांच लॉ शिक्षकों पर कार्रवाई से आक्रोशित शिक्षक व लविवि शिक्षक संघ ने देर शाम कुलपति आवास पहुंचकर विरोध दर्ज कराया।
विज्ञापन


इस मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने न्यू कैंपस स्थित लॉ फैकल्टी में तालाबंदी कर दी। इससे डीन लॉ प्रो. सीपी सिंह समेत दर्जनों शिक्षक व कर्मचारी फैकल्टी में बंद रहे। इसके चलते छात्र परीक्षा नहीं दे सके और विवि केंद्र का एलएलबी इंटीग्रेटेड (पांचवर्षीय पाठ्यक्रम) का तृतीय वर्ष पांचवें सेमेस्टर का बृहस्पतिवार का पेपर निरस्त करना पड़ा।

छात्रों में गुस्सा, शिक्षक व प्रशासन भी मनाने में असफल

शिक्षकों द्वारा पेपर लीक कराने का वीडियो वायरल होने के बाद गुस्साए छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। वे इस मामले में संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। उन्हें मनाने के लिए प्रॉक्टर प्रो. अलका पांडेय के नेतृत्व में विवि की टीम व जिला-पुलिस प्रशासन ने कोशिश की, लेकिन सफल नहीं रहे। 

दोपहर 2 बजे से एलएलबी ऑनर्स तृतीय वर्ष, पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा होनी थी। फैकल्टी में तालाबंदी के चलते छात्र परीक्षा देने अंदर नहीं जा सके। इसे देखते हुए करीब ढाई बजे एडिशनल प्रॉक्टर डॉ. आनंद विश्वकर्मा ने विवि केंद्र का उक्त पेपर स्थगित कर दिया।

महिला व वीसी से बातचीत का कथित ऑडियो
महिला- हेलो, जी सर, गुड मॉर्निंग सर।
वीसी- गुड मॉर्निंग, कैसे हैं?
महिला- जी सर, ठीक ठाक हैं।
वीसी- पेपर ठीक-ठाक हो गया।
महिला- जी सर, एक ही हुआ अभी तो, एक कल है।
वीसी- दूसरा काहे का पेपर है?
महिला- कल, प्रॉपर्टी लॉ का पेपर है।
वीसी- प्रॉपर्टी लॉ में तो आप एक्सपर्ट हैं।
महिला- अरे सर, ऐसा न कहिए, लिखना बहुत मुश्किल है। जबर्दस्ती मत कहिए, बहुत टफ है।
वीसी- उन्होंने कुछ हेल्प की।
महिला- नहीं सर, कहां सहयोग किया।
वीसी- मैं आरके सिंह से बात करता हूं।
महिला- उन्होंने किसी नंदकिशोर का नंबर दे दिया। उनका नंबर ही नहीं मिला। मैंने उनको बताया भी कि उनका नंबर नहीं मिल रहा है। वो बोले की बात करता हूं।
वीसी - मैं बात करता हूं।
महिला- उनसे कह दीजिए सर कि सिर्फ इंपॉर्टेंट बता देंगे तो बाकी मैं तो पढ़ ही रही हूं। मैं थोड़े और कुछ बोल रही हूं।
वीसी- नहीं मैं कहता हूं, बात करता हूं।
महिला- सर उनसे कहिए कि उसका नंबर दें, जिन्होंने पेपर बनाया हो। वो तो किसी और का नंबर दे दिए थे। वो कह रहे थे कि मैंने तीन साल से पेपर नहीं बनाया। वो कह रहे थे कि ये भी पढ़ लीजिए, ये भी पढ़ लीजिए। ऐसे थोड़े होता है सर। सर, कह दीजिए प्लीज। वीसी अपने घर के हैं, अगर फिर भी मैं फेल हो गई तो बहुत बदनामी होगी।
वीसी- उसकी चिंता मत करो, उसकी चिंता छोड़ो।
महिला- मैं समझ रही हूं सर। मेरे को लगा, आप इतना बिजी हैं तो बार-बार फोन करना ठीक नहीं लगा।
वीसी- कोई भी हो, व्यक्ति अपने घर की चीजें ध्यान रखता है।
महिला- सर, अगर आपके रहते मैं फेल हुई तो आपकी बहुत बदनामी होगी।
वीसी- काहे चिंता कर रहे हो।
महिला- सर, मुझे बहुत डर लग रहा है।
वीसी- चिंता न करो, डरो नहीं, मैं अभी बात करता हूं।
महिला- ठीक है सर, ठीक है। थैंक्यू
विज्ञापन

कुलपति से मांगी है रिपोर्ट

कथित ऑडियो वायरल होने के मामले में उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव ने कार्यवाहक कुलपति एसके शुक्ला से रिपोर्ट मांगी है।
दिनेश शर्मा, उप मुख्यमंत्री

मेरे खिलाफ साजिश
‘मेरे पास बहुत से फोन आते रहते हैं। यदि किसी को अनुचित लाभ पहुंचाने की मेरी नीयत होती तो  सीबीसीआईडी जांच के लिए शासन को क्यों लिखता? मेरे खिलाफ साजिश की जा रही है।’
डॉ. एसके शुक्ला, कार्यवाहक कुलपति, लविवि

सख्त कार्रवाई के निर्देश

अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सीएम ने जांच में एसटीएफ के भी सहयोग करने का निर्देश देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

यह है मामला
लविवि के एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम के तीसरे सेमेस्टर का पेपर लीग होने से जुड़ा ऑडियो बुधवार को वायरल हुआ था। इसमें एक महिला परीक्षार्थी कुछ शिक्षकों से मोबाइल फोन पर पेपर नोट कर रही थी। एक ऑडियो में वह यह भी कह रही है कि जो बताया था, वहीं पेपर आया। कहा जा रहा है कि महिला एक निजी चिकित्सा संस्थान से जुड़ी हैं। मामला सामने आने पर कुलपति डॉ. एसके शुक्ला ने तीसरे सेमेस्टर के पेपर निरस्त करने के साथ दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया था। हसनगंज कोतवाली में देर रात एफआईआर भी दर्ज कराई गई।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें