लखनऊ के स्वास्थ्य भवन में लगी आग के कारणों का पता लगाने के लिए गठित की गई एसटीएफ ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट सौंप दी है।
5 अगस्त को लखनऊ के स्वास्थ्य भवन में आग किन वजहों से लगी थी इसका फैसला जल्द ही आ जाएगा। इस मामले के लिए गठित की गई एसटीएफ ने मंगलवार को अपनी अंतरिम रिपोर्ट सौंप दी है।
शहर के वजीरगंज थानाक्षेत्र के हाईकोर्ट के सामने स्थित स्वास्थ्य भवन के फर्स्ट फ्लोर पर पांच अगस्त को आग लगी थी। यह आग सुबह करीब साढ़े आठ बजे लगी थी।
सुबह सफाई कर रहे कर्मियों ने सबसे पहले यहां से धुएं को निकलते हुए देखा था। फायर बिग्रेड को सूचना मिलने और उनके यहां पहुंचते तक महत्वपूर्ण दस्तावेज और कीमती सामान जलकर खाक हो चुके थे।
इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन ने कहा था कि यह आग लगी नहीं लगाई गई थी। इसके लिए उन्होंने कुछ बाबुओं और डॉक्टरों की ओर इशारा किया था।
स्वास्थ्य मंत्री की मांग की वजह से ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इसकी जांच एसटीएफ को सौंपी थी। अब इस मामले में अंतरिम रिपोर्ट आ गई है। अब देखना यह है कि अहमद हसन का शक सही निकलता है या नहीं?
अभी यह साफ नहीं हो सका है कि सरकार इस अंतरिम रिपोर्ट को कब तक सार्वजनिक करेगी या नहीं?