लखनऊ। एसटीएफ की टीम ने शनिवार को गोमतीनगर इलाके से 20 पिस्टल व 40 मैगजीन के साथ अंतर राज्यीय असलहा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ को काफी समय से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अवैध असलहों की तस्करी की सूचना मिल रही थी। इस पर इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार वर्मा की टीम जानकारी जुटा रही थी। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर टीम ने गोमतीनगर विस्तार इलाके में सीएमएस के पास पिट्ठू बैग टांगे खड़े युवक को दबोच लिया। बैग की तलाशी में .32 बोर की 20 पिस्टल व 40 मैगजीन, एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड व 1460 रुपये कैश बरामद हुए। पकड़े गए राम प्रवेश यादव निवासी ग्राम सकरापार, थाना लार, जनपद देवरिया ने पूछताछ में बताया कि उसके पिता वर्ष 1989-90 में बुरहानपुर चीनी मिल, खंडवा, मध्य प्रदेश में नौकरी करते थे। वहां रहने के दौरान ही राम प्रवेश की कुछ असलहा तस्करों से जान-पहचान हो गई थी।
उसने बताया कि पूर्व में कैलाश सिंह निवासी भीलखेड़ा, जनपद खरगौन, मध्य प्रदेश से दो पिस्टल लाकर बेची थी। फिर आठ मार्च 2021 को 20 पिस्टल व मैगजीन जाकर बेची थी। अब सात अप्रैल को 20 पिस्टल व 40 मैगजीन लेकर प्रयागराज के रास्ते लखनऊ पहुंचा था। यहां रवीेंद्र राणा नामक व्यक्ति को दो पिस्टल देनी थीं, मगर इससे पहले ही एसटीएफ ने राम प्रवेश को दबोच लिया। एसटीएफ ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आरोपी राम प्रवेश को मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने के साथ ही असलहे बनाकर उसे बेचने वालों व जिन लोगों ने उससे पिस्टलें खरीदीं हैं, उनकी भी तलाश की जा रही है।
पीलीभीत व देवरिया में पकड़ा जा चुका है राम प्रवेश
आरोपी राम प्रवेश यादव से पूछताछ में पता चला है कि पूर्व में देवरिया के लार थाने की पुलिस ने भी उसे असलहे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके साथ ही वर्ष 2010 में पीलीभीत में भी उसे असलहे समेत गिरफ्तार किया था। दोनों मामलों में जमानत होने पर राम प्रवेश फिर असलहा तस्करी करने लगा। इस बार उसे एसटीएफ ने दबोचा है।
कहीं पंचायत चुनाव में तो नहीं खप रहे असलहे
राम प्रवेश यादव द्वारा पिछले माह 20 पिस्टल बेचने के बाद, फिर 20 असलहे लेकर आने से यह भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं वो पंचायत चुनाव के लिए तो असलहे नहीं बेच रहा है। हालांकि इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है।