वीआईपी ट्रेन में शुमार लखनऊ मेल 15 नवंबर से चारबाग के बजाय लखनऊ जंक्शन से चलेगी। यह ट्रेन जंक्शन केदो नंबर प्लेटफॉर्म से दिल्ली के लिए रवाना होगी। ट्रेन की शिफ्टिंग सहित अन्य मुद्दों को लेकर सोमवार को चारबाग रेलवे स्टेशन प्रशासन ने बैठक की।
उत्तर रेलवे के चारबाग रेलवे स्टेशन के डायरेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि लखनऊ मेल(12229/30) 15 नवंबर से लखनऊ जंक्शन से दिल्ली के लिए चलाई जाएगी। ट्रेन फिलहाल रात 10.10 बजे से ही संचालित होगी। जबकि दिसंबर से अपने पुराने समय यानी रात दस बजे से रवाना होगी।
नई दिल्ली से चारबाग आने वाली ट्रेन संख्या 12230 लखनऊ मेल चारबाग में सुबह 6.50 बजे पहुंचती है। चूंकि, 15 नवंबर से ट्रेन जंक्शन से रवाना होगी और दिल्ली से वापसी भी जंक्शन पर ही होगी, जो कि निर्धारित समय से दस मिनट की देरी से पहुंचेगी। ट्रेन के आलमनगर स्टेशन पर रुकने के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।