साइकिल ट्रैक के बोर्ड पर लगता स्वच्छता सर्वेक्षण का पोस्टर।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र सरकार की ओर से कराए गए स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार प्रदेश के 15 नगर निकायों को अवॉर्ड मिलेगा। अवॉर्ड स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत संचालित कार्यक्रमों के आधार पर दिए जाएंगे। छह मार्च को दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में चयनित निकायों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा। सर्वेक्षण में प्रदेश के कितने शहर ‘अंडर-100’ में स्थान बना पाएंगे, इसका खुलासा भी इसी कार्यक्रम में होगा। जिन निकायों को अवॉर्ड मिलेगा, उनमें 3 नगर निगम व 12 नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत हैं।
स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रदेश के 652 नगर निकायों समेत देश भर के कुल 4237 निकायों को शामिल किया गया था। सर्वेक्षण में 64 लाख लोगों के फीडबैक लिए गए हैं। मिशन के तहत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रदेश में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए निर्धारित लक्ष्य का 94 फीसदी, सार्वजनिक शौचालय के निर्माण में 100 प्रतिशत, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में 89 फीसदी, कूड़े को अलग-अलग श्रेणी में बांटकर उसका निस्तारण करने में 60 प्रतिशत और कूड़ा प्रोसेसिंग का काम 52 फीसदी हुआ है।
इन्हीं कामों में बेहतर प्रदर्शन पर प्रदेश के तीन नगर निगमों समेत 15 निकायों का अवॉर्ड के लिए चयन हुआ है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने आवॉर्ड लेने के लिए चयनित निकायों के प्रतिनिधियों को 6 मार्च को दिल्ली में विज्ञान भवन में होने वाले कार्यक्रम में बुलाया गया है। एक निकाय से अधिकतम चार प्रतिनिधि ही बुलाए गए हैं। इनके अलावा राज्य मिशन निदेशक और संबंधित शहर के आयुक्त व महापौर भी शामिल हो सकते हैं। इस संबंध में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के राज्य इकाई के निदेशक अनुराग यादव ने सभी नगर आयुक्तों को अवॉर्ड लेने वाले प्रतिनिधियों के नाम भेजने के निर्देश दिए हैं।