एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्राकृतिक संसाधनों की प्रचुरता है। राज्य सरकार ने निवेश को आकर्षित करने के लिए निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया है। इसकेचलते निवेशक प्रदेश में इकाई स्थापना के लिए लगातार आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा देश तीसरी आर्थिक विश्व महाशक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है।
सिद्धार्थनाथ सिंह मंगलवार को अपने आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फिक्की की ओर से आयोजित चार दिवसीय ‘लीड्स-2020’ के कार्यक्रम में अपनी बात रख रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर सरकार की नीतियों और व्यवसायों को फिर से संगठित और पुनर्गठित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विकास नीति के अंतर्गत अब सभी राज्यों को काम करना होगा। वैश्विक महामारी ने हम सभी के लिए आज चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। इन चुनौतियों को हमारे सभी नीतिगत ढांचों में फिर से तैयार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम पिछले साल से संयुक्त राष्ट्र के एसडीजी पर काम कर रहे हैं। लगभग सभी मंत्रालयों ने आईआईएम, लखनऊ के साथ विचार मंथन सत्र के बाद इसे अपनाया है।
एमएसएमई मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत विजन का मतलब है कि दुनिया के साथ अधिक से अधिक तालमेल के साथ कार्य किया जाए। ‘जल मिशन’ प्रधानमंत्री का सबसे महत्वपूर्ण मिशन में से एक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक हम प्रत्येक घर को पाइप सेे पानी और हर खेत को सिंचित करने की रणनीति को अमलीजामा पहना देंगे।
सिद्धार्थनाथ ने कहा वर्तमान वैश्विक दौर में कृषि अर्थव्यवस्था का विशेष महत्व है। इसी के तहत किसान की आय दोगुनी करने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। वैश्विक रूप से उर्जा की मांग में 6 प्रतिशत की गिरावट है, इसलिए हम सभी के लिए विश्व स्तर पर भी इस पर काम करना होगा। कुछ देशों के पास अक्षय ऊर्जा से संबंधित बेहतर प्रौद्योगिकी है। हम उनके साथ मिलकर काम कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने और एक-दूसरे के लिए बाजार बनाने के लिए यूपी विभिन्न देशों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है। ताकि, हमारी अर्थव्यवस्था में बदलाव हो। सिंडीकाटम रिन्यूवल एनर्जी कंपनी के कन्ट्री हेड डेविन नारंग, फिक्की के एडिशनल डायरेक्टर गौरव वत्स, पीटी इल्थाबी रेकतामा इंडोनेशिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी इलहान ए हबीबी, इनेल ग्लोबल इंफ्रास्ट्रक्चर एंड नेटवर्क इटली के बिजनेस हेड मारसेलो कैस्टेलियो, टाटा पॉवर इंडिया के प्रेसिडेंट आशीष खन्ना सहित 2000 लोगों ने वर्चुअल सेमिनार में हिस्सा लिया।