केजीएमयू परिसर में शराब पार्टी का सिलसिला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। अब नया मामला लारी कॉर्डियोलॉजी का सामने आया है। यहां ओपीडी काउंटर पर कर्मचारियों के शराब पार्टी करने की शिकायत खुद विभागाध्यक्ष ने की है। उनकी शिकायत पर आईटी सेल प्रभारी ने नोटिस जारी किया है।
लारी कार्डियोलॉजी के ओपीडी काउंटर पर कार्यरत कर्मचारियों की आए दिन शिकायत मिल रही थी। ये कर्मचारी कभी पर्चा बनाने के नाम पर मरीजों से गाली-गलौज करते थे तो कभी खुल्ला पैसे न होने का बहाना बनाते थे। यहां कार्यरत कई कर्मचारी तो निर्धारित समय से पहले ही पर्चा बनाना बंद कर देते थे। पिछले दिनों ओपीडी काउंटर पर शाम के वक्त शराब की पार्टी भी होने लगी। इसकी जानकारी मिलने पर विभागाध्यक्ष प्रो. वीएस नारायण ने आईटी सेल के प्रभारी को पत्र लिखकर नाराजगी जताई है। इस पर आईटी सेल प्रभारी प्रोफेसर संदीप भट्टाचार्य ने कार्डियोलॉजी विभाग के संविदा कर्मी कंम्प्यूटर ऑपरेटर नितिन कुमार और प्रयास कुमार को नोटिस जारी किया है। दो दिन के अंदर उन्हें स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।
दोषियों पर होगी कार्रवाई
आईटी सेल प्रभारी प्रो. संदीप भट्टाचार्य ने बताया कि विभागाध्यक्ष की ओर से शिकायत की गई है कि लारी कार्डियोलॉजी के ओपीडी काउंटर पर कार्यरत कर्मचारी अक्सर शराब पार्टी करते हैं। मामला गंभीर है। आरोपी कर्मियों को नोटिस देकर दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
हॉस्टल में भी हुई थी मारपीट
केजीएमयू में पिछले दिनों हॉस्टल में भी शराब पार्टी होने की शिकायत मिली थी। जिस हॉस्टल में एमबीबीएस के बच्चे पढ़ार्ई करने के लिए रूके थे, वहां शराब पार्टी होने और बाद में शराब के नशे में धुत होकर मारपीट करने का मामला सामने आया था। इस मामले में जांच कमेटी बैठी और मामले को निपटा दिया गया। अभी तक किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है।