लखनऊ। भगवान का अस्तित्व क्या है, मृत्यु किसकी होती है और अच्छे लोगों के साथ बुरा क्यों होता है? श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से जीवन से जुड़े ऐसे ही सवालों के जवाब देने के लिए इस्कॉन की ओर से शनिवार से दो दिवसीय ‘गीता रसामृतम-2’ श्रीमद्भगवद्गीता ज्ञान महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु ने शुक्रवार को हुसैनगंज स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि महोत्सव सुशांत गोल्फ सिटी स्थित श्री श्री राधा रमण बिहारी जी मंदिर में होगा। इसका उद्देश्य श्रीमद्भगवद्गीता के गूढ़ संदेशों को सरल भाषा में जन-जन तक पहुंचाना है। दोनों दिन कार्यक्रम शाम पांच शुरू होगा। कार्यक्रम में गीता प्रवचन, हरिनाम संकीर्तन और मुकुंदा रॉक बैंड की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होंगे। प्रेसवार्ता में मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष आनंद स्वरूप अग्रवाल, उपाध्यक्ष भोक्ताराम, फेस्टिवल कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण सर्वप्रिय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।