विधायक डाॅ. राजेश्वर सिंह।
लखनऊ। सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डाॅ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सपा प्रमुख के हालिया बयान न तो आश्चर्यजनक हैं और न ही नए। उनकी राजनीति तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार, अंधविश्वास और परिवारवाद पर आधारित रही है, उनका नैतिकता और अर्थव्यवस्था पर प्रश्न उठाना अपने आप में विरोधाभास है।
उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था पर बिना वैश्विक परिप्रेक्ष्य को समझे की गई टिप्पणियां न केवल हास्यास्पद हैं, बल्कि बौद्धिक सतहीपन को भी उजागर करती है, जबकि आईएमएफ के अनुसार, भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। भारत आज विश्व के टॉप फाइव एफडीआई में शामिल है, जबकि यूपीए काल में यह शीर्ष आठ में भी नहीं था। वैश्विक महामारी जैसी चुनौतियों के बावजूद लगभग दोगुना वृद्धि हुई है। सोना भंडार बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में उत्तर प्रदेश गुंडाराज और अराजकता का पर्याय बन चुका था। व्यापारी और निवेशक भय के माहौल में काम करने को मजबूर थे। भ्रष्टाचार और परिवारवाद उनकी पहचान बन गए थे। यह विडंबना है कि जो लोग अंधविश्वास के कारण नोएडा जाने से बचते थे, वह आज अर्थव्यवस्था और नैतिकता पर प्रवचन दे रहे हैं। भारत और उत्तर प्रदेश विकास, निवेश और सुशासन के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जनता अब भ्रम में नहीं, बल्कि तथ्यों और विकास के साथ खड़ी है।