लखनऊ। गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज की टीम ने 43वें सरदार मनमोहन सिंह सब-जूनियर नेहरू हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। नई दिल्ली में खेले गए फाइनल में लखनऊ ने गवर्नमेंट हॉकी एकेडमी, सोनीपत को सडन डेथ में 6-5 से हराया।
विज्ञापन
निर्धारित समय तक दोनों टीमें 2-2 से बराबरी पर रहीं। टाईब्रेकर में भी मुकाबला 4-4 से बराबर रहा। इसके बाद सडन डेथ में गोलकीपर अमरजीत तिवारी के शानदार बचाव ने लखनऊ को खिताब दिला दिया। लखनऊ की ओर से मो. दानिश और समीर अली ने गोल किए।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए दानिश को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्हें 25 हजार रुपये मिले। सोनीपत के रोहित फाइनल में मैन ऑफ द मैच रहे और उन्हें 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। विजेता लखनऊ को 1.60 लाख और उपविजेता सोनीपत को 96 हजार रुपये मिले। स्पोर्ट्स कॉलेज ने 2018 में भी यह खिताब जीता था।