रायबरेली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में रीढ़ की हड्डी का जटिल ऑपरेशन हुआ है। मरीज के स्वस्थ होने पर उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। ऑपरेशन के दौरान रॉड और पेंच के माध्यम से वृद्ध की रीढ़ की हड्डी को सीधा किया गया।
तीन माह पहले 64 वर्षीय बुजुर्ग को एम्स में चिकित्सीय सलाह के लिए ओपीडी में लाया गया। रीढ़ की हड्डी टेढ़ी होने के कारण बुजुर्ग को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पिछले सप्ताह डॉ. अरविंद सुमन व डॉ. सुयश सिंह की टीम ने मरीज के रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन किया।
ऑपरेशन के दौरान मरीज की रीढ़ को सीधा करने के लिए रॉड को पेंच के माध्यम से सेट किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज पूरी तरह से स्वस्थ है। अब वह चल फिर सकता है। स्वस्थ होने के बाद मरीज को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
चिकित्सक सुरेश का कहना है कि यह सर्जरी काफी महंगी है, लेकिन प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीज की कैशलेस सर्जरी की गई। मरीज अब पूरी तरह से स्वस्थ है।